राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, एक के बाद एक 12 वाहन आपस में टकराए, 2 यात्रियों की मौत; कई घायल

post 1309 (1)

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, एक के बाद एक 12 वाहन आपस में टकराए, 2 यात्रियों की मौत; कई घायल

Rajasthan News: उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे 48 पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित देबारी पावर हाउस के पास करीब 12 वाहनों की आपस में टक्कर हो गई, जिससे हाईवे पर कोहराम मच गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

हादसे के कारण नेशनल हाईवे 48 पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। पुलिस द्वारा ट्रैफिक को सुचारू करने के प्रयास जारी हैं। मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।

घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ट्रक, टैंकर, कार, वैन और अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं।

गौरतलब है कि देबारी पावर हाउस के पास का यह हिस्सा पहले से ही हादसों के लिए संवेदनशील माना जाता है। यहां तेज रफ्तार और खतरनाक कट के चलते अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इस ब्लैक स्पॉट को सुधारने के लिए NHAI द्वारा व्हीकुलर अंडरपास (VUP) बनाने की योजना भी प्रस्तावित है।