बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलने से क्या BCCI की कमाई को लगेगा झटका? IPL ब्रॉडकॉस्टिंग पर भी लगाया बैन

बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलने से क्या BCCI की कमाई को लगेगा झटका? IPL ब्रॉडकॉस्टिंग पर भी लगाया बैन

भारत और बांग्लादेश के बीच जारी राजनीतिक तनाव का असर अब क्रिकेट पर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ियों को आईपीएल 2026 से बाहर रखने का निर्णय लिया है। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपने तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया। बीसीसीआई के इस कदम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

इस फैसले के जवाब में बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल 2026 के प्रसारण पर रोक लगाने का ऐलान किया है। वहीं बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से मांग की है कि टी20 विश्व कप 2026 में उसके मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाएं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इन फैसलों से बीसीसीआई को आर्थिक नुकसान होगा।

दरअसल, आईसीसी इवेंट्स से होने वाली मुख्य कमाई टिकट बिक्री, ग्लोबल ब्रॉडकास्ट राइट्स और सेंट्रल स्पॉन्सरशिप के जरिए होती है। यह पूरी आय सीधे आईसीसी की कमर्शियल इकाई आईसीसी बिजनेस कॉर्पोरेशन (IBC) के पास जाती है, जिसे बाद में सदस्य बोर्डों के बीच बांटा जाता है।

मेजबान बोर्ड की भूमिका मुख्य रूप से टूर्नामेंट के आयोजन, स्टेडियम प्रबंधन, सुरक्षा और ऑपरेशंस तक सीमित रहती है। इसके बदले उसे मैच-डे से जुड़ी आय, लोकल स्पॉन्सरशिप और ऑन-ग्राउंड गतिविधियों से कमाई होती है।

इसका मतलब यह है कि अगर बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर होते हैं, तो बीसीसीआई की ब्रॉडकास्टिंग या सेंट्रल वर्ल्ड कप आय पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। संभावित नुकसान केवल मैच-डे से जुड़ी कमाई तक सीमित रहेगा। हालांकि आईपीएल के प्रसारण पर बैन से बीसीसीआई को कुछ नुकसान हो सकता है, क्योंकि भारत के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश में भी आईपीएल की बड़ी दर्शक संख्या है।

Scroll to Top