Crime News: यूरिया की आड़ में विस्फोटक तस्करी का भंडाफोड़, नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार
Crime News: यूरिया की आड़ में विस्फोटक तस्करी का भंडाफोड़, नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार
R.खबर ब्यूरो। टोंक, अरावली सहित प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ नए साल से शुरू होने वाले बड़े अभियान से ठीक एक दिन पहले टोंक जिले में पुलिस की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बरौनी थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान डीएसटी ने एक कार से 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट विस्फोटक जब्त किया और कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र पटवा और सुरेंद्र मोची के रूप में हुई है, जो बूंदी जिले के करवर के निवासी हैं। आरोपी बूंदी से टोंक की ओर विस्फोटक ले जा रहे थे, जिसे यूरिया के कट्टों में छिपाकर रखा गया था।
नाकाबंदी के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने कट्टों में यूरिया होने की बात कही, लेकिन कार से 200 विस्फोटक कार्टेज और 1100 सेफ्टी फ्यूज वायर मिलने पर पुलिस को शक हुआ। विस्तृत जांच में कट्टों के भीतर अमोनियम नाइट्रेट पाया गया। यह कार्रवाई डीएसटी टीम प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार अमोनियम नाइट्रेट अत्यंत खतरनाक विस्फोटक है, जिसका उपयोग पत्थर तोड़ने और खनन कार्यों में किया जाता है। हाल ही में दिल्ली में हुए विस्फोट में भी इसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। जिले में अरावली पहाड़ियों सहित कई स्थानों पर अवैध खनन संचालित होने की जानकारी सामने आती रही है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि विस्फोटक सामग्री किसी विध्वंसक गतिविधि के लिए तो नहीं ले जाई जा रही थी।