राजस्थान: प्रदेश में 3 हजार से अधिक जर्जर स्कूल होंगे खाली, छुट्टियां खत्म होने से पहले किया जाएगा नए विद्यालय में शिफ्ट
राजस्थान: प्रदेश में 3 हजार से अधिक जर्जर स्कूल होंगे खाली, छुट्टियां खत्म होने से पहले किया जाएगा नए विद्यालय में शिफ्ट
Rajasthan News: राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि राज्य में 3,624 ऐसे सरकारी स्कूल हैं, जिनकी इमारतें पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं। इन स्कूलों में पढ़ने वाले सभी छात्रों को सुरक्षित स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा।
मंत्री कार्यालय ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बच्चों को पास के नए स्कूल में ले जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। छात्रों और अभिभावकों को स्थानांतरण की जानकारी दी जाएगी और स्कूलों की छुट्टी खत्म होने से पहले ये काम पूरा कर लिया जाएगा। अभी सरकारी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश चल रहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि छात्रों को पास के ही स्कूल में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बाद अतिरिक्त स्टॉफ बच्चों के दाखिले, उपस्थिति और निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई अनुपस्थिति या ड्रॉपआउट न हो। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित छात्रों के माता-पिता से संपर्क बनाए रखें, ताकि कोई ड्रॉपआउट की स्थिति न बने।
इसमें कहा गया है कि खासतौर पर जो बच्चे स्कूल आने में अनुपस्थित रहते हैं, उनके माता-पिता से संपर्क करने के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। जिससे उनके माता-पिता से बात की जाएगी। इसी के साथ गांव या कस्बे के बड़े प्रभावशाली लोगों से भी सलाह ली जाएगी और उन्हें बताया जाएगा कि बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से चलती रहे। इसलिए उन्हें सुरक्षित स्कूल में शिफ्ट किया जा रहा है।
विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि यदि जर्जर स्कूल में कुछ कमरे सुरक्षित हैं तो बच्चों को खतरनाक कमरों से दूर रखा जाएगा। इस प्रक्रिया की निगरानी खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे, और जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक, शिक्षक और पंचायत स्तर के शिक्षा अधिकारियों की होगी।