Covid Vaccine: ‘कार्डियक अरेस्ट’ के बढ़ते मामलों से अशोक गहलोत चिंतित, कहा- जनता जानना चाहती है इन मौतों की असली वजह
Covid Vaccine: ‘कार्डियक अरेस्ट’ के बढ़ते मामलों से अशोक गहलोत चिंतित, कहा- जनता जानना चाहती है इन मौतों की असली वजह
Covid Vaccine: प्रदेश में युवाओं और बच्चों में बढ़ते ‘कार्डियक अरेस्ट’ और अचानक मौतों के मामलों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर विषय है और सरकार को इस पर ठोस कदम उठाने चाहिए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने बताया कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अन्य विधायकों ने भी इस मुद्दे को उठाया। गहलोत ने कहा कि फिट और युवा लोगों की आकस्मिक मौतें समाज में भय और शंका का माहौल बना रही हैं।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Covishield (एस्ट्राजेनेका) वैक्सीन से जुड़े दुर्लभ साइड इफेक्ट्स, जैसे TTS, पर हुई चर्चाओं का भी उल्लेख किया। हालांकि, उन्होंने माना कि Indian Council of Medical Research (ICMR) की हालिया रिपोर्ट में टीकाकरण और अचानक मौतों के बीच सीधा संबंध स्थापित नहीं हुआ है, लेकिन ‘लॉन्ग कोविड’ और हृदय पर संभावित प्रभावों को लेकर शोध जारी है।
गहलोत ने कहा कि 2023 के बजट में Rajasthan University of Health Sciences (RUHS) में ‘Center for Post-Covid Rehabilitation’ स्थापित करने की घोषणा की गई थी, ताकि ऐसे मामलों पर वैज्ञानिक अध्ययन हो सके। उनका आरोप है कि मौजूदा सरकार ने इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं की।
उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से राजनीति से ऊपर उठकर उच्च-स्तरीय वैज्ञानिक जांच समिति गठित करने की मांग की, ताकि इन मौतों के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।