Bikaner News : बीकानेर को विकास की सौगातें, 125 करोड़ की लागत से बनेगा आरओबी, सड़कों, ई-बस और स्ट्रीट लाइट पर जोर

post 864

Bikaner News : बीकानेर को विकास की सौगातें, 125 करोड़ की लागत से बनेगा आरओबी, सड़कों, ई-बस और स्ट्रीट लाइट पर जोर

Bikaner News: बीकानेर शहर के सबसे व्यस्त म्यूजियम सर्किल पर 125 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। परियोजना की डीपीआर तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही 55 करोड़ की लागत से कबीर वाटिका, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15-15 करोड़ की सड़कें, इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा, 4 हजार स्ट्रीट लाइट और मिनी सचिवालय जैसे प्रोजेक्ट्स के साथ वर्ष 2026 को बीकानेर के विकास का नया अध्याय बताया गया है।

छह माह में कोटगेट-सांखला अंडरब्रिज, मार्च तक सड़कें:-

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कोटगेट और सांखला अंडरब्रिज का कार्य अगले छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के लिए 15-15 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं और मार्च तक शहर की अधिकांश सड़कों का कार्य पूरा हो जाएगा। साथ ही, शहर के प्रमुख चौराहों को अगले दो माह में दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

कबीर वाटिका, ई-बस और मिनी सचिवालय:-

गोदारा ने बताया कि 55 करोड़ रुपए की लागत से बन रही कबीर वाटिका बीकानेर के लिए एक अहम परियोजना होगी। इसके अलावा जल्द ही इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा शुरू की जाएगी। शहर में 4 हजार नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। एक ही छत के नीचे सभी सरकारी कार्यालयों को समेटने के लिए मिनी सचिवालय का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।

सोलर से दिन में बिजली, रोजगार को बढ़ावा:-

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संतुलन जरूरी है। सोलर परियोजनाओं के कारण किसानों को दिन में बिजली मिल रही है और युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिल रहे हैं। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया है।

मूंगफली खरीद के लिए 42 सेंटर:-

खाद्य मंत्री ने बताया कि मूंगफली खरीद के लिए पहली बार 42 केंद्र खोले गए हैं, जहां 72 हजार 512 टोकन जारी किए गए। अब तक 10 हजार 838 टोकन की तुलाई हो चुकी है और यह प्रक्रिया आगामी दो माह तक जारी रहेगी।

बीडीए-नगर निगम में फेरबदल:-

गोदारा ने कहा कि बीडीए और नगर निगम में वर्षों से एक ही स्थान पर जमे कार्मिकों को बदलने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन के कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी नजर आए तो जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दें।

You may have missed