राजस्थान: इस जगह उपद्रवियों के हमले में 6 पुलिसकर्मी घायल, 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, जानें पूरा मामला
राजस्थान: इस जगह उपद्रवियों के हमले में 6 पुलिसकर्मी घायल, 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, जानें पूरा मामला
Jaipur News: जयपुर के चौमूं कस्बे में देर रात मस्जिद के बाहर रेलिंग लगाने को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते उपद्रव में बदल गया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अफवाहों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं।
दरअसल, चौमूं के मुख्य बस स्टैंड पर मस्जिद के सामने लंबे समय से पड़े पत्थरों को मुस्लिम समुदाय की सहमति से हटाया गया था। इसके बाद वहां लोहे की गाटर और रेलिंग लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। रात करीब एक बजे समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने पुलिस जाब्ते पर पथराव कर दिया। इस घटना में घायल पुलिसकर्मियों को चौमूं के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई थानों का भारी जाब्ता तैनात:-
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस लाइन, हरमाड़ा, दौलतपुरा, मुरलीपुरा और विश्वकर्मा थाना क्षेत्र से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। स्पेशल टास्क फोर्स, दंगा नियंत्रण वाहन और अतिरिक्त जाब्ता भी तैनात किया गया। बस स्टैंड क्षेत्र को पूरी तरह पुलिस छावनी में बदल दिया गया है।
लाठीचार्ज और आंसू गैस से हालात काबू में:-
पथराव के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। फिलहाल बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे:-
घटना की सूचना मिलते ही जयपुर से एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार, डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद, एडिशनल डीसीपी राजेश गुप्ता और एसीपी झोटवाड़ा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी चौमूं पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद:-
तनाव को देखते हुए चौमूं कस्बे में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। पुलिस कमिश्नर के पत्र पर संभागीय आयुक्त पूनम ने आदेश जारी करते हुए शुक्रवार सुबह 7 बजे से शनिवार सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है।
यह है पूरा मामला
उल्लेखनीय है कि यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से बुधवार को चौमूं बस स्टैंड पर मस्जिद के सामने वर्षों से पड़े पत्थरों को समुदाय की सहमति से हटाया गया था। कार्रवाई के दौरान यातायात को डायवर्ट किया गया और पुलिस निगरानी में कार्य संपन्न हुआ। बाद में मस्जिद के सामने गाटर और रेलिंग लगाए जाने से विवाद पैदा हो गया। देर रात तक पुलिस और मुस्लिम समुदाय के बीच वार्ता चली, जिसके बाद यथास्थिति बहाल करने पर सहमति बनी। पुलिस द्वारा गाटर और रेलिंग हटाने की कार्रवाई करते ही कुछ लोगों में आक्रोश फैल गया और उपद्रव शुरू हो गया, जिसके चलते पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
इनपुट: कैलाश बराला