बीकानेर: अदालत की सख्त टिप्पणी के बावजूद शिक्षा विभाग ने बीच सत्र में फिर जारी की तबादला सूची

post 32

बीकानेर: अदालत की सख्त टिप्पणी के बावजूद शिक्षा विभाग ने बीच सत्र में फिर जारी की तबादला सूची

बीकानेर। शिक्षा विभाग में बीच सत्र किए जा रहे तबादलों को लेकर अदालत की तल्ख टिप्पणी के बावजूद सरकार ने एक और तबादला सूची जारी कर दी है। गुरुवार रात शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने उप प्राचार्य और उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) के स्थानांतरण आदेश जारी किए।

जारी सूची में कुल 177 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिनमें 10 उप जिला शिक्षा अधिकारी और 167 उप प्राचार्य शामिल हैं। इससे पहले, महज चार दिन पूर्व विभाग ने प्रदेशभर में 406 प्राचार्य एवं समकक्ष अधिकारियों की तबादला सूची जारी की थी।

नया सत्र और परीक्षाएं नजदीक, बढ़ी चिंता:-

अप्रैल से नया शिक्षा सत्र शुरू होने वाला है, वहीं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की वार्षिक परीक्षाएं फरवरी से प्रस्तावित हैं। ऐसे में पाठ्यक्रम पूरा होने से पहले लगातार हो रहे स्थानांतरण शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों के लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं। परीक्षाओं में अब एक माह से भी कम समय शेष है।

कार्यभार ग्रहण प्रक्रिया में तेजी:-

इस बार उप प्राचार्य और उप जिला शिक्षा अधिकारियों ने ‘शाला दर्पण’ पोर्टल के माध्यम से कार्यमुक्ति और कार्यभार ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की है। इस नई व्यवस्था से तबादलों की प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज हो गई है, जिससे विभाग में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

चार सूचियों में हुए थे 406 तबादले:-

शिक्षा विभाग ने हाल ही में चार अलग-अलग सूचियों के जरिए 406 प्राचार्य व समकक्ष अधिकारियों के तबादले किए थे। इन सूचियों में क्रमशः 39, 78, 61 और 228 अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया। विभाग का कहना है कि ये तबादले 12 फरवरी से प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्थाओं को सुचारु रखने के उद्देश्य से किए गए हैं।

अंतर-जिला तबादले रहे अधिक:-

प्राचार्य तबादला सूची की खास बात यह रही कि करीब 50 प्रतिशत से अधिक स्थानांतरण अंतर-जिला किए गए। अधिकांश प्राचार्यों के तबादले स्वयं के आवेदन पर हुए, जबकि जिन अधिकारियों ने आवेदन नहीं किया था, उन्हें प्रशासनिक आधार पर बीच सत्र में स्थानांतरित किया गया।