राजस्थान: प्रदेश में सड़क विकास को रफ्तार, 28 जिलों में 1216 नई सड़कें बनेंगी, 2089 करोड़ रुपये होंगे खर्च

post 22

राजस्थान: प्रदेश में सड़क विकास को रफ्तार, 28 जिलों में 1216 नई सड़कें बनेंगी, 2089 करोड़ रुपये होंगे खर्च

जयपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण के पहले फेज में प्रदेश में बड़े स्तर पर सड़क निर्माण होने जा रहा है। इस चरण के तहत 2089 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 1216 नई सड़कों के साथ एक पुल का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत 28 जिलों में कुल 3219 किलोमीटर लंबी नई सड़कें बनाई जाएंगी।

सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने इन सभी कार्यों के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नई सड़कों से ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।

इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण आबादी को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

इन जिलों में होगा सड़क निर्माण:-

विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार अजमेर, अलवर, बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झालावाड़, जोधपुर, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर, पाली, फलौदी, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सीकर, सिरोही, श्रीगंगानगर और उदयपुर जिलों में नई सड़कें बनाई जाएंगी।
इसके अलावा प्रतापगढ़ जिले में 6 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से 100 मीटर लंबे पुल का निर्माण भी किया जाएगा।

तीन चरणों में बनी 75,000 किलोमीटर से अधिक सड़क:-            

2025 तक के आंकड़ों के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश में तीन चरणों में अब तक 75 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना क्या है?:-

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत वर्ष 2000 में की गई थी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को पक्की और हर मौसम में उपयोग योग्य सड़कों से जोड़कर समग्र विकास को बढ़ावा देना है।