जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, गाली देने से मना किया तो फायरिंग की

जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, गाली देने से मना किया तो फायरिंग की
डीग में जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक के 200 गज के प्लॉट को उसके गांव के ही कुछ लोग हड़पना चाहते थे। इसे लेकर उनमें विवाद चल रहा था। बुधवार को आरोपी गाली-गलौज करने लगे। जब युवक ने गाली देने से मना किया तो एक आरोपी ने युवक पर फायरिंग कर दी। इससे युवक की मौत हो गई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना सीकरी थाना इलाके के गमोडकी गांव की रात 11 बजे की है। SHO मुकेश चैंची ने बताया- गमोडकी गांव निवासी जगतार सिंह (46) की गोली लगने से मौत हुई है। मृतक के छोटे भाई जगजीत की ओर से शिकायत दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। शव परिजन को सौंप दिया गया है। भाई जगजीत सिंह ने बताया कि एक महीने पहले गांव में उन्होंने 200 गज का प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट को गांव के अमरीक सिंह, जसवंत सिंह, राजू और सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी हड़पना चाहते थे। ऐसे में दोनों परिवारों के बीच एक महीने से रंजिश चल रही थी। चारों उनके घर के बाहर आए और गाली-गलौज करने लगे। भाई जगतार बाहर गया और उन्हें गाली देने से मना किया। अमरीक, जसवंत और राजू ने जगतार को पकड़ लिया। सुखविंदर ने कट्टा निकालकर जगतार की जांघ पर फायर कर दिया। इसके बाद सभी लोग फरार हो गए।