शादी से घर लौट रहे युवक का तलवार से मर्डर, पुरानी रंजिश में गांव के युवकों ने किया हमला
शादी से घर लौट रहे युवक का तलवार से मर्डर, पुरानी रंजिश में गांव के युवकों ने किया हमला
उदयपुर में 6 से ज्यादा बदमाशों ने तलवार से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या कर दी। युवक चचेरे भाई की शादी के फंक्शन में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। घटना पाटिया थाना क्षेत्र के खेड़ाघाटी, बलीचा में सोमवार रात करीब 2 बजे की है। पुलिस ने शव को खेरवाड़ा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक पोस्टमॉर्टम करवाने और अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे से पुलिस और ऋषभदेव डीएसपी राजीव राहर परिजनों को समझाने में जुटे।
पुलिस की अलग-अलग दो टीमों ने 3 बार वार्ता की, लेकिन विफल रही। शाम 6:30 बजे तक कोई सहमति नहीं बनी तो सब लोग अपने-अपने घर लौट गए। इधर, खेरवाड़ा पहुंचे कुछ परिजन भी गांव लौट गए। बुधवार सुबह परिजन और ग्रामीण फिर से गांव में इकट्ठा होंगे और पुलिस के साथ समझाइश वार्ता होगी। मृतक नीलेश गरासिया (35) पिता लालजी कई साल से अहमदाबाद में बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। परिवार में शादी के कारण ही वह कुछ दिन पहले गांव आया था। परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण क्लू मिले हैं। पुलिस लगातार दबिश देकर उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।