Weather Update: राजस्थान के 11 जिलों में आज शीतलहर का येलो अलर्ट, जानें अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?
Weather Update: राजस्थान के 11 जिलों में आज शीतलहर का येलो अलर्ट, जानें अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?
Rajasthan Weather: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। करौली और फतेहपुर समेत प्रदेश के 12 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर सहित कई जिलों में सर्द हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 11 जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान सीकर, जयपुर, नागौर समेत कई शहरों में तापमान में दो दिनों के भीतर 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। सीकर और अलवर के कुछ इलाकों में बर्फ की पतली परत जमने लगी है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में पाला पड़ने की शुरुआत हो चुकी है।
कहां कितना तापमान दर्ज:-
बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे कम तापमान करौली में 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहपुर में 4.6, दौसा में 5, पाली और अंता (बारां) में 5.2, वनस्थली में 5.4, लूणकरणसर में 6.1, अलवर में 6, चूरू में 6.4, पिलानी में 7, सीकर में 7.5 और जयपुर में 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
दिन में भी सर्द हवा का असर, पारा 30 डिग्री से नीचे
ठंडी हवाओं का असर दिन में भी बना हुआ है। तेज धूप के बावजूद लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल रही। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया।
जानें अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक तेज सर्दी और शीतलहर का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के 11 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, चूरू, झुंझुनूं के अलावा नागौर, अलवर, करौली, धौलपुर और भरतपुर में शीतलहर का असर सबसे ज्यादा रहने की आशंका है।