Weather Update: राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज, 17 फरवरी से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ; इन जिलों में बारिश का अलर्ट
Weather Update: राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज, 17 फरवरी से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ; इन जिलों में बारिश का अलर्ट
Weather Update: राजस्थान में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक ओर बाड़मेर और जैसलमेर जैसे पश्चिमी जिलों में फरवरी के मध्य में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस की जा रही है, तो दूसरी ओर प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने जा रहा है, जो मौसम का रुख बदल सकता है।
जयपुर स्थित मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 17 फरवरी से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसका असर 17 और 18 फरवरी को अधिक दिखाई देगा। इस दौरान कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने, हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। हवाओं की रफ्तार बढ़ने से दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान:-
मौसम विभाग के मुताबिक 16 फरवरी तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। दिन में तेज धूप रहेगी, जबकि रात के समय हल्की ठंडक बनी रह सकती है। 17 फरवरी से बदलाव शुरू होगा और जयपुर, बीकानेर, चूरू व नागौर जिलों में कहीं-कहीं धूलभरी हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।