Weather Update : एंटी साइक्लोन के असर से बदला राजस्थान का मौसम, IMD ने जारी किया नया अलर्ट

post922 (1)

Weather Update : राजस्थान में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे गर्म शहर बाड़मेर रहा। विभाग के मुताबिक वर्तमान में अरब सागर के गुजरात से सटे हिस्से के ऊपर एक एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। आने वाले करीब एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है, वहीं तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।

दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी:-

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 8 से 10 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले एक-दो सप्ताह में पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कई क्षेत्रों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

आने वाले दिन और गर्म रहेंगे:-

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के शुरुआती दिनों में तापमान का 38 डिग्री के आसपास पहुंचना आने वाली तेज गर्मी का संकेत माना जा रहा है।

बीते 24 घंटे का तापमान:-

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा।