Weather Update: मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा राजस्थान, बाड़मेर-जैसलमेर में तापमान 40 डिग्री के करीब; 10-11 मार्च को हीटवेव का अलर्ट

post 948 (1)

जयपुर। राजस्थान में चैत्र माह की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। हालात ऐसे हैं मानो बैसाख का महीना चल रहा हो। होली के तीन दिन बाद शनिवार को बाड़मेर और जैसलमेर प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में रहे, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 39.8 और 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा पिलानी, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, श्रीगंगानगर, पाली और चित्तौड़गढ़ में भी पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं राजधानी जयपुर समेत 11 शहरों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया।

मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक 10 और 11 मार्च को प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से करीब 4 से 9 डिग्री अधिक है।

पश्चिमी जिलों में ज्यादा असर:-

बढ़ती गर्मी का सबसे ज्यादा प्रभाव पश्चिमी राजस्थान में देखा जा रहा है। बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर और फलोदी जैसे जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में पारा 40 डिग्री के पार जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं शेखावाटी क्षेत्र के चूरू में भी शनिवार को तापमान 37 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि राज्य के अन्य जिलों में भी तापमान की बढ़ोतरी जारी है।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी:-

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। दक्षिणी राजस्थान के कुछ इलाकों में अगले तीन-चार दिनों में तापमान 38 से 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

हालांकि 11 से 12 मार्च के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके असर से तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।

You may have missed