Weather Update: आंधी-बारिश के साथ गिरेंगे ओले, मौसम विभाग ने 28 जिलों में किया येलो अलर्ट जारी

post 996 (1)

Weather Update: राजस्थान में एक बार फिर मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे प्रदेश में पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बाद 14 और 15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने इस दौरान प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान राज्य के कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज हवा, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। इस मौसम प्रणाली के असर से अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

इन जिलों में येलो अलर्ट:-

14 मार्च को अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, टोंक, नागौर और पाली जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं जयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

इसके अलावा 15 मार्च को अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। साथ ही प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका व्यक्त की गई है।