
Weather Update: राजस्थान में आज शाम से फिर बारिश की संभावना, कल 15 शहरों में ओलावृष्टि और शीतलहर का अलर्ट
Weather Update: राजस्थान में बीते दो-तीन दिनों से थमा बारिश का दौर सोमवार शाम से फिर सक्रिय होने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश के उत्तर-पूर्व और पश्चिमी हिस्सों में सोमवार शाम से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
27 जनवरी को 12 शहरों में ऑरेंज अलर्ट:-
मौसम केंद्र के अनुसार, 27 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, धौलपुर और दौसा जिलों में तेज मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। इन जिलों में कुछ जगहों पर दिन के तापमान में भी अत्यधिक गिरावट होने की आशंका है।
15 शहरों में येलो अलर्ट:-
मौसम केंद्र ने 27 जनवरी को श्रीगंगानगर, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, नागौर, ब्यावर, अजमेर, भीलवाड़ा, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, टोंक, सवाईमाधोपुर, बूंदी, कोटा, झालावाड़ और बूंदी जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में अगले दो-तीन दिनों के दौरान मौसम की परिस्थितियों के अनुसार नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।


