US-Iran War: ईरानी नौसेना को खत्म कर रहा अमेरिका, अब तक 30 जहाज डुबोए, ड्रोन कैरियर को भी किया तबाह

post 919 (1)

US-Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा संघर्ष लगातार गंभीर होता जा रहा है। दोनों देशों के बीच बढ़ती सैन्य कार्रवाई में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। हालात ऐसे हैं कि दोनों ही पक्ष पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहे। इसी बीच खबर सामने आई है कि अमेरिका ने ईरान के एक ड्रोन कैरियर को निशाना बनाकर उसे नष्ट करने का दावा किया है।

CENTCOM प्रमुख का बड़ा दावा:-

अमेरिका का कहना है कि उसका मुख्य उद्देश्य ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल क्षमता को खत्म करना और उसकी नौसैनिक ताकत को कमजोर करना है। इसी अभियान के तहत अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई को ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ नाम दिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने दावा किया है कि अब तक अमेरिकी कार्रवाई में ईरान के 30 से अधिक युद्धपोत और नौसैनिक जहाज नष्ट किए जा चुके हैं।

IRIS Dena पर टॉरपीडो से हमला:-

जानकारी के अनुसार हाल ही में अमेरिका ने श्रीलंका के पास ईरान के युद्धपोत IRIS Dena पर भी हमला किया था। अमेरिकी सेना ने टॉरपीडो से इस जहाज को निशाना बनाया। इस हमले में कई ईरानी नाविकों की मौत की खबर सामने आई, जबकि कुछ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बताया जाता है कि यह जहाज पहले भारत के विशाखापत्तनम में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (IFR) कार्यक्रम में हिस्सा लेने आया था और वापस लौटते समय इस पर हमला हुआ।

ईरानी ड्रोन कैरियर तबाह करने का दावा:-

अमेरिका ने यह भी दावा किया है कि उसने ईरान के एक बड़े ड्रोन कैरियर को निशाना बनाकर उसे तबाह कर दिया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यह जहाज आकार में द्वितीय विश्व युद्ध के समय इस्तेमाल किए गए एयरक्राफ्ट कैरियर जितना बड़ा था। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और जोरदार विस्फोट हुआ।

CENTCOM ने इस कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो में जहाज पर हमला होने के बाद बड़ा धमाका और धुएं का गुबार उठता हुआ दिखाई देता है। अमेरिकी सेना का कहना है कि ईरानी नौसेना की क्षमताओं को कमजोर करने के लिए सैन्य अभियान जारी रहेगा।