UPSC Result 2025: राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने किया देश में टॉप, डॉक्टर से बने IAS टॉपर
जयपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने आज 6 मार्च 2026 को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल परिणाम जारी कर दिया है। इस बार की परीक्षा में राजस्थान के प्रतिभाशाली युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा में रावतभाटा (कोटा) के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
अनुज अग्निहोत्री ने जोधपुर एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई की है। डॉक्टर बनने के बाद उन्होंने समाज की व्यापक सेवा के उद्देश्य से प्रशासनिक सेवा में आने का फैसला किया और कड़ी मेहनत के दम पर यूपीएससी में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर ली। उनकी इस उपलब्धि से पूरे राजस्थान में खुशी की लहर है।
डॉक्टर से बने देश के टॉपर:-
अनुज की शैक्षणिक यात्रा काफी प्रेरणादायक रही है। उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान एम्स जोधपुर से चिकित्सा विज्ञान (MBBS) की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2023 में अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ी उनकी पृष्ठभूमि ने उन्हें समस्याओं को संवेदनशील और विश्लेषणात्मक नजरिये से समझने में मदद की, जो परीक्षा में उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुआ।
नौकरी के साथ जारी रखी तैयारी:-
अनुज की सफलता संघर्ष और निरंतर प्रयास का परिणाम है। वह वर्तमान में DANICS (दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दमन और दीव तथा दादरा और नगर हवेली सिविल सेवा) में कार्यरत हैं। नौकरी की व्यस्तता के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और सीमित समय का सही उपयोग करते हुए देश की सबसे कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया।
पहले भी पास कर चुके हैं UPSC:-
डॉ. अनुज इससे पहले भी दो बार यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके हैं। वर्ष 2023 में अपने पहले प्रयास में उन्हें दानिक्स सेवा मिली थी और उनकी नियुक्ति दिल्ली में एसडीएम के पद पर हुई थी। इससे पहले उन्होंने एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल प्रवेश परीक्षा में 215वीं रैंक प्राप्त की थी।
उनके पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की यूनिट 1 और 2 में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। परिवार और शिक्षकों के सहयोग ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
UPSC CSE 2025 के मुख्य बिंदु:-
- इस वर्ष IAS, IPS, IFS सहित विभिन्न सेवाओं के लिए कुल 958 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
- प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित हुई थी, इसके बाद अगस्त में मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 तक चली।
- परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर रहीं।