कांग्रेस नेता की 2 कारों में तोड़फोड़, दुकान के सौदे को लेकर विवाद

3

कांग्रेस नेता की 2 कारों में तोड़फोड़, दुकान के सौदे को लेकर विवाद

श्रीगंगानगर के शनिवार रात करीब 12:30 बजे मीरा चौक के पास दो कारों पर हमलावरों ने जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद बदमाश फरार हो गए। दोनों क्षतिग्रस्त कारें कांग्रेस नेता व राजस्थान शिया मुस्लिम महासभा के प्रदेशाध्यक्ष रजा अब्बास नकवी के भाई और बहनोई की बताई जा रही हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को साइड में करवाया और जांच शुरू कर दी है। देर रात तक कार्रवाई जारी रही। घटना जवाहरनगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार- यह पूरा मामला नई धानमंडी की सब्जी मंडी में एक दुकान से जुड़ा है। रजा अब्बास नकवी का आरोप है कि करीब ढाई साल पहले उन्होंने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और फ्रूट कारोबारी बाबू खां रिजवी से 3.30 करोड़ रुपए में 25×95 फीट की यह दुकान खरीदी थी। एग्रीमेंट हो चुका है, लेकिन पेमेंट को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। रजा का कहना है कि उन्होंने सारे पैसे चुका दिए, लेकिन बाबू खां ने धोखे से दुकान बेची और अब कब्जे की कोशिश की जा रही है।