ट्रंप ने फिर दी ईरान को चेतावनी, कहा- होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों से फीस वसूलना बंद करो

post 1429 (1)

वाशिंगटन डीसी: सीजफायर की घोषणा के बावजूद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों से टोल वसूल रहा है और इसे तुरंत बंद करने की चेतावनी दी है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर ऐसी गतिविधियां जारी रहीं तो यह समझौते के खिलाफ माना जाएगा। उन्होंने ईरान पर आरोप लगाया कि वह होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के आवागमन को सही तरीके से नहीं संभाल रहा, जो अस्थायी युद्धविराम की भावना के विपरीत है।

इस बीच, सीजफायर पहले से ही दबाव में नजर आ रहा है। बातचीत शुरू होने से पहले ही दोनों देशों के बीच मतभेद बढ़ते जा रहे हैं। ईरान ने इजराइल पर लेबनान में हमले कर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है, जबकि अमेरिका और इजराइल का कहना है कि यह सीजफायर लेबनान पर लागू नहीं होता।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने साफ कहा है कि लेबनान में कोई युद्धविराम नहीं है और हिज्बुल्लाह के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इजराइल तब तक ऑपरेशन नहीं रोकेगा जब तक अपनी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर लेता।

साथ ही नेतन्याहू ने कैबिनेट को लेबनान सरकार के साथ सीधे संवाद शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस बातचीत का उद्देश्य हिज्बुल्लाह के हथियार खत्म करना और इजराइल-लेबनान के बीच एक स्थायी शांति समझौते की दिशा में आगे बढ़ना है।

You may have missed