पुलिस की खड़ी गाड़ी में घुसा ट्रक, डिवाइडर से टकराने के बाद हुआ बेकाबू

10

पुलिस की खड़ी गाड़ी में घुसा ट्रक, डिवाइडर से टकराने के बाद हुआ बेकाबू

दौसा में बेकाबू ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद हाईवे पर खड़ी पुलिस पेट्रोलिंग की गाड़ी में घुस गया। कार में सवार एएसआई और दो कॉन्स्टेबल समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसा नेशनल हाईवे-21 पर सिकंदरा थाना क्षेत्र के दुब्बी गांव के पास मंगलवार रात करीब 1:30 बजे हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस की पेट्रोलिंग कार रात्रि गश्त के दौरान सर्विस रोड पर खड़ी थी। इसी दौरान भरतपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक पहले रेलिंग-डिवाइडर से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर पुलिस कार से जा भिड़ा। हादसे के समय कार में दौसा कोतवाली थाने के एएसआई रतनलाल, ड्राइवर किशोरीलाल और दो कांस्टेबल सवार थे।

टक्कर के बाद सभी पुलिसकर्मी तुरंत कार से बाहर निकले। हादसे में एएसआई सहित तीन जवानों को चोटें आईं। सूचना पर दुब्बी चौकी और सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सिकंदरा सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।