Trailer Accident: बेकाबू ट्रेलर ने तंबू में सो रहे मजदूरों को कुचला, तीन लोगों की दर्दनाक मौत, मासूम बच्चों समेत कई घायल

post 1436 (1)

झुंझुनूं/गुढ़ागौड़जी: राजस्थान के झुंझुनूं जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के नंगली निर्वाण गांव में एक बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे सो रहे मजदूरों को कुचल दिया।

इस भीषण हादसे में तीन युवतियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक 22 वर्षीय विवाहिता और दो नाबालिग लड़कियां (करीब 13-14 वर्ष) शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, टोडी और बिजौली क्षेत्र के भोपा समाज के परिवार नंगली निर्वाण गांव में प्याज की फसल की कटाई के लिए आए हुए थे। दिनभर मेहनत के बाद सभी मजदूर सड़क से दूर तंबू लगाकर सो रहे थे। देर रात तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और सीधे तंबुओं में जा घुसा। हादसा इतना भीषण था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मृतकों की पहचान:-

  • प्रियंका (13) पुत्री मुन्नाराम, निवासी डोड्डी
  • मोहिनी (14) पुत्री सुरेश, निवासी बिजौली
  • छोटकी (22) पत्नी सुरेश, निवासी बिजौली (अस्पताल में दम तोड़ा)

घायलों की हालत गंभीर:-

इस दुर्घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनमें तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। घायलों की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है। सुनील (10), संजय (6) और संजीत (5) को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जयपुर रेफर किया गया है। रवीना (20) का उपचार झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों का प्रदर्शन, मुआवजे की मांग:-

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने गुढ़ागौड़जी थाने का घेराव कर सड़क जाम कर दिया और मुआवजे व कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त बल मौके पर तैनात किया गया।

पुलिस कार्रवाई जारी:-

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन जब्त कर लिया गया है। प्रशासन ने मृतकों के पोस्टमॉर्टम और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था शुरू कर दी है।