दर्दनाक हादसा: ट्रेलर से टकराई बस, दो की मौत, 16 अन्य घायल

post 1422 (1)

Accident: दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए। यह हादसा कोटपूतली में बीडीएम हॉस्पिटल के सामने पुल पर हुआ, जहां मकराना से हरिद्वार जा रही एक प्राइवेट बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई।

हादसा इतना भयानक था कि ट्रेलर में लदे सरिए बस के केबिन को चीरते हुए अंदर तक घुस गए। इससे बस चालक और एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बस में करीब 22 यात्री सवार थे। रात करीब 11:30 बजे जब बस कोटपूतली के पास पहुंची, तो हाईवे पर एक ट्रेलर अंधेरे में खड़ा मिला। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक ने न तो कोई चेतावनी संकेत लगाए थे और न ही इंडिकेटर चालू थे। तेज रफ्तार में आ रही बस का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सीधे ट्रेलर से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद तेज धमाका हुआ और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई।

हादसे में नागौर जिले के लाड़ौली निवासी बस चालक चंद्रमोहन (55) और महिला यात्री बिच्छू देवी की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को कोटपूतली के राजकीय बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

सूचना मिलते ही कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य संभाला। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।