दर्दनाक हादसा: कुएं में मिट्टी ढहने से 2 की मौत, दो अन्य गंभीर घायल
पाली। चंडावल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। 15 फीट गहरे कुएं में मिट्टी धंसने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब चार युवक ट्यूबवेल से कुएं तक पानी की पाइपलाइन जोड़ने का काम कर रहे थे।
यह घटना चंडावल-केरिया बेरा मार्ग पर स्थित बावरियों की ढाणी की है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पाइपलाइन डालने के बाद चारों युवक कुएं और ट्यूबवेल के बीच खोदी गई खाई में खड़े थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर ढह गई और चारों युवक उसमें दब गए।
मौके पर मची चीख-पुकार:-
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत फावड़ों और हाथों से मिट्टी हटाकर रेस्क्यू शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद जवरीलाल और मनोहर को बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत सोजत सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
वहीं महेंद्र और लक्ष्मण गहरी मिट्टी में दबे रह गए। समय पर बाहर नहीं निकाले जा सकने के कारण दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक और घायल की पहचान:-
सीओ सोजत सिटी रतनाराम देवासी के अनुसार हादसे में महेंद्र कुमार (34) पुत्र सम्पतराम बावरी और लक्ष्मण (26) पुत्र बालूराम बावरी की मौत हुई है। घायल हुए जवरीलाल (26) पुत्र सम्पतलाल बावरी और मनोहर (42) पुत्र सम्पतलाल बावरी का सोजत सिटी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
ऐसे हुआ हादसा:–
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बावरियों की ढाणी में स्थित ट्यूबवेल से करीब 300 फीट दूर एक खुला कुआं है। कुएं के जलस्तर को बढ़ाने के लिए ट्यूबवेल से कुएं तक पाइपलाइन बिछाने हेतु लगभग 20 फीट गहरी खाई खोदी गई थी। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद चारों युवक खाई में खड़े थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।


