जिस बस से स्कूल से लौटा, उसी ने कुचला, 3 साल के मासूम की मौत
जिस बस से स्कूल से लौटा, उसी ने कुचला, 3 साल के मासूम की मौत
रायकरणपुरा। कोटपूतली बहरोड़ जिले के कायमपुराबास गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 3 वर्षीय मासूम की जान चली गई। स्कूल बस से उतरते समय हुई एक चूक ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जानकारी के अनुसार मृतक लौकित (3) पुत्र बबलू कुमार स्थानीय श्री प्रताप विद्या मंदिर स्कूल में पढ़ता था और रोजाना स्कूल बस से ही आवागमन करता था। गुरुवार को भी वह स्कूल से लौटकर बस से उतर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह बस के टायर के नीचे आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोग उसे तुरंत उपचार के लिए बीडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मां और दादी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता बार-बार अपने बेटे को याद कर बेसुध हो रहा है। परिजन ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और माहौल गमगीन बना हुआ है।