पाकिस्तान को लेकर बयान पड़ा भारी, विवाद में आए कॉलेज प्रिंसिपल, सफाई में कहा– यह सिर्फ मजाक था

पाकिस्तान को लेकर बयान पड़ा भारी, विवाद में आए कॉलेज प्रिंसिपल, सफाई में कहा– यह सिर्फ मजाक था

Rajasthan News: अजमेर, पाकिस्तान को लेकर दिए गए विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के प्रिंसिपल मनोज बेहरवाल अब सफाई देते नजर आ रहे हैं। बेहरवाल ने अपने बयान को मजाकिया संदर्भ में कही गई बात बताते हुए कहा है कि इसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने भारत को सनातन राष्ट्र बताते हुए देश के निर्माण में सभी प्रमुख नेताओं के योगदान की सराहना की है।

क्या है पूरा मामला:-

ब्यावर स्थित सनातन धर्म राजकीय महाविद्यालय में 23 और 24 जनवरी को राजस्थान सोशियोलॉजिकल एसोसिएशन की 31वीं इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। 24 जनवरी को आयोजित समापन समारोह में अजमेर के सम्राट पृथ्वीराज चौहान गवर्नमेंट कॉलेज के प्रिंसिपल मनोज बेहरवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

अपने संबोधन के दौरान बेहरवाल ने कहा था कि 14 अगस्त 1947 को पाकिस्तान अस्तित्व में आया, जबकि 15 अगस्त को भारत स्वतंत्र हुआ। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान हमसे 12 घंटे पहले बना, इसलिए वह हमसे “बड़ा भाई” है। साथ ही उन्होंने आजादी के समय गांधी, जिन्ना और अंबेडकर को प्रमुख नेता बताया था।

बयान पर विवाद और सफाई:-

बयान पर विरोध बढ़ने के बाद मनोज बेहरवाल ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में पुस्तकों के संदर्भ में चर्चा की जाती है और उन्होंने भी एक पुस्तक के हवाले से यह बात कही थी। “बड़ा होने” का आशय केवल समय के संदर्भ में था, जिसे मजाकिया रूप में कहा गया, न कि किसी तुलना या समर्थन के रूप में।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत शुरू से ही एक सनातन राष्ट्र रहा है और भारत-पाकिस्तान की तुलना करेंगे तो भारत कहां और पाकिस्तान कहां है, आप इसको समझ सकते हैं।

पूर्व पीएम नेहरू की सराहना:-

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को लेकर उठे सवालों पर बेहरवाल ने कहा कि उन्होंने नेहरू के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की है। देश की आजादी और निर्माण में नेहरू का भी अहम और अभूतपूर्व योगदान रहा है। वहीं जिन्ना के बारे में उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ में बात की थी और किसी की भावना आहत करने की मंशा नहीं थी।

युवा कांग्रेस का प्रदर्शन आज:-

इस पूरे मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने विरोध का ऐलान किया है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित मल्होत्रा ने बताया कि आज दोपहर राजकीय महाविद्यालय अजमेर के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान “पाकिस्तान हमारा बड़ा भाई” बयान को लेकर प्रिंसिपल के इस्तीफे की मांग की जाएगी।

Scroll to Top