राजस्थान में राशन दुकानों के तराजू का किया जाएगा सत्यापन, 4 फरवरी से शुरू होगा अभियान

राजस्थान में राशन दुकानों के तराजू का किया जाएगा सत्यापन, 4 फरवरी से शुरू होगा अभियान

Rajasthan News: राजस्थान में अब सभी जिलों की राशन दुकानों पर तराजू और अन्य तौलन यंत्रों का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सभी उचित मूल्य दुकानों पर तौलन यंत्रों के वैरिफिकेशन के लिए अभियान शुरू करने की घोषणा की है। यह अभियान 4 फरवरी (बुधवार) से शुरू होगा।

मंत्री गोदारा ने विधिक माप-विज्ञान अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक में निर्देश दिए कि प्रदेश के करीब 4.40 करोड़ एनएफएसए लाभार्थियों को उनके अधिकार के अनुसार पूरा राशन मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सही तौल के साथ राशन वितरण विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि किसी भी लाभार्थी के हक में कटौती न हो।

विधिक माप-विज्ञान के तहत होगा सत्यापन:-

अभियान के अंतर्गत राज्य की सभी राशन दुकानों पर पीओएस मशीन से जुड़े तौलन यंत्रों का सत्यापन विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 और विधिक माप विज्ञान (सामान्य) नियम 2011 के नियम 27(2सी) के अनुसार किया जाएगा।

वैरिफिकेशन के लिए लगेंगे विशेष कैंप:-

अगले एक महीने के भीतर जिला रसद अधिकारी ब्लॉक और तहसील स्तर पर सत्यापन कैंप आयोजित करेंगे। इन कैंपों में विधिक माप विज्ञान अधिकारी तौलन यंत्रों का निरीक्षण, सत्यापन और मुद्रांकन करेंगे। तौलन यंत्र उपलब्ध कराने वाली फर्म द्वारा आवेदन और निर्धारित शुल्क की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मंत्री ने सभी जिला रसद अधिकारियों, विधिक माप विज्ञान अधिकारियों और राजस्थान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड को मिशन मोड में इस कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एनएफएसए लाभार्थियों को उनके हक का पूरा गेहूं और अन्य राशन सुनिश्चित करना तथा वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर रोक लगाना है।

Scroll to Top