मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव, ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान ने इजरायल पर किया मिसाइल हमला
मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए ईरान को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो अमेरिका अगले 2-3 हफ्तों में बड़ा सैन्य कदम उठा सकता है। ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल की ओर मिसाइलें दागीं।
इजरायली सेना के अनुसार, ईरान की तरफ से दागी गई मिसाइलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम तुरंत सक्रिय कर दिए गए। बीते कुछ घंटों में यह तीसरी बार है जब मिसाइल हमले हुए हैं। उत्तरी इजरायल में सायरन बजने लगे, हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर नहीं है।
अपने संबोधन में डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर कोई समझौता नहीं होता है तो अमेरिका ईरान के अहम बिजली उत्पादन केंद्रों को निशाना बना सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका का मुख्य उद्देश्य सत्ता परिवर्तन नहीं है, लेकिन मौजूदा हालात में ईरान की नेतृत्व व्यवस्था पहले से कमजोर हुई है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका का सैन्य अभियान काफी प्रभावी रहा है और ईरान अब पहले की तरह बड़ा खतरा नहीं रहा। उन्होंने दुनिया के बड़े युद्धों का जिक्र करते हुए बताया कि मौजूदा अभियान अपेक्षाकृत कम समय में निर्णायक साबित हो रहा है।