होर्मुज नाकेबंदी की धमकी पर बढ़ा तनाव: ट्रंप के बयान के बाद ईरान की चेतावनी, तेल कीमतों में उछाल के संकेत

होर्मुज नाकेबंदी की धमकी पर बढ़ा तनाव: ट्रंप के बयान के बाद ईरान की चेतावनी, तेल कीमतों में उछाल के संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज ऑफ स्ट्रेट में संभावित नाकेबंदी की चेतावनी के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और बढ़ गया है। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघर गालिबफ ने कड़े शब्दों में प्रतिक्रिया देते हुए वैश्विक तेल कीमतों में भारी उछाल की आशंका जताई है।
गालिबफ ने कहा कि यदि नाकेबंदी लागू होती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी होगी। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि मौजूदा कीमतें तब सस्ती लगेंगी, जब ईंधन $4–$5 प्रति गैलन तक पहुंच जाएगा। उन्होंने अपने बयान के साथ एक प्रतीकात्मक गणितीय फॉर्मूला भी साझा किया, जो बाजार में संभावित उथल-पुथल की ओर इशारा करता है।
क्या है मामला?
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी लागू करने की चेतावनी दी है। इसके तहत अमेरिकी सेना ईरानी बंदरगाहों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आने-जाने वाले जहाजों को निशाना बना सकती है। हालांकि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले गैर-ईरानी जहाजों को फिलहाल छूट देने की बात कही गई है।
वार्ता हुई विफल:-
अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में करीब 21 घंटे चली वार्ता भी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर असहमति के लिए आरोप लगाए। ईरान का कहना है कि अमेरिका ऐसी शर्तें रख रहा है, जो वह युद्ध के जरिए भी हासिल नहीं कर पाया। हालांकि बातचीत का मकसद संघर्ष विराम को आगे बढ़ाना था, लेकिन ईरान के परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर सहमति नहीं बन सकी।
ट्रंप की सख्त चेतावनी:-
वार्ता विफल होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान को अंततः अमेरिकी शर्तें माननी होंगी, अन्यथा कड़े सैन्य कदम उठाए जा सकते हैं।
ईरान का पलटवार:-
इस बयान पर मोहम्मद बाघर गालिबफ ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर आप युद्ध करेंगे तो हम भी युद्ध करेंगे, और अगर तर्क से बात करेंगे तो हम भी तर्क से जवाब देंगे।
जहाजों की आवाजाही पर असर:-
इंटेलिजेंस फर्म लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस के अनुसार, नवीनतम तनाव बढ़ने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सभी जहाजों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई है। यह जानकारी एपी (Associated Press) की रिपोर्ट में दी गई है।
वैश्विक असर की आशंका :-
विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल आपूर्ति का अहम मार्ग है। यहां किसी भी तरह का तनाव अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों को प्रभावित कर सकता है, जिसका असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।