T20 WC Final: कीवी टीम से पुराना हिसाब चुकता करने उतरेगी टीम इंडिया, इस तीन खिलाड़ियों से रहना होगा सावधान

post 946 (1)

India vs New Zealand, T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि के बेहद करीब पहुंच गई है। पिछले करीब सवा दो वर्षों में टीम इंडिया ने चार बार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई है। इनमें से दो बार टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि दो मौकों पर उसे हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीता था, वहीं चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। हालांकि जून 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप और नवंबर 2023 में वनडे विश्व कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।

इन तीन खिलाड़ियों से रहना होगा सावधान:-

अहमदाबाद में रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम के पास न्यूजीलैंड को हराकर एक बार फिर टी20 विश्व कप जीतने का मौका है। यदि भारतीय टीम इस मैच में जीत दर्ज करती है तो वह इतिहास रचते हुए तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनेगी। हालांकि टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के तीन खतरनाक खिलाड़ियों से सतर्क रहना होगा। फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स और कप्तान मिचेल सैंटनर इस टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आए हैं और भारतीय टीम के लिए चुनौती बन सकते हैं।

भारत के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला, क्योंकि बड़े टूर्नामेंटों में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा रहा है। न्यूजीलैंड ने अब तक जो दो आईसीसी ट्रॉफियां जीती हैं, उनमें दोनों बार भारत को हराया है। साल 2000 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर ही जीता था।

पिछली हार का लिया था बदला:-

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर पुरानी हार का हिसाब चुकता कर दिया था। अब सूर्यकुमार यादव के पास टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और आईसीसी मुकाबले का बदला लेने का मौका है।

रोहित शर्मा के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद जब टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई थी, तब यह फैसला कई लोगों के लिए चौंकाने वाला था। उस समय कप्तानी के प्रमुख दावेदार हार्दिक पांड्या माने जा रहे थे, लेकिन टीम प्रबंधन और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सूर्यकुमार यादव पर भरोसा जताया।

सूर्यकुमार यादव ने इस भरोसे को सही साबित किया और उनकी कप्तानी में भारतीय टीम टी20 क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करती रही। उनकी अगुवाई में भारत टी20 रैंकिंग में दुनिया की नंबर-1 टीम बना और लंबे समय तक शीर्ष स्थान पर कायम रहा। अगर भारत टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने में सफल रहता है, तो सूर्यकुमार यादव का नाम भी भारत के सफल कप्तानों में शामिल हो जाएगा। वहीं मुख्य कोच गौतम गंभीर के पास भी बतौर खिलाड़ी टी20 विश्व कप जीतने के बाद अब कोच के रूप में भी खिताब जीतने का सुनहरा मौका है।

You may have missed