Stock Market Crash: शेयर मार्केट में बड़ी गिरावट, 2000 पॉइंट गिरकर खुला सेंसेक्स, हर तरफ दिख रही बिकवाली, जानिए वजह
Stock Market Crash:मिडिल ईस्ट में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात अब वैश्विक स्तर पर असर डालने लगे हैं। इजराइल ने ईरान के सबसे बड़े गैस भंडार साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला किया, जिसके जवाब में ईरान ने कतर की प्रमुख गैस फैसिलिटी को निशाना बनाया। इन हमलों के बाद दुनियाभर में ऊर्जा संकट की आशंका गहरा गई है। इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी दिखा, जहां ब्रेंट क्रूड करीब 4 फीसदी उछलकर 111.76 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।
शेयर बाजार में भारी गिरावट:-
वैश्विक तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ नजर आया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार को 1954 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 74,750 पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह करीब 1600 अंक या 2.08 फीसदी टूटकर 75,107 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी भी 486 अंक यानी 2.07 फीसदी की गिरावट के साथ 23,289 पर ट्रेड करता नजर आया।

सेंसेक्स के शेयरों का हाल:-
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स पैक के 30 में से 28 शेयरों में गिरावट देखने को मिली, जबकि केवल 2 शेयर बढ़त में रहे। सबसे ज्यादा गिरावट एचडीएफसी बैंक में करीब 4.24 फीसदी दर्ज की गई। इसके अलावा लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, एशियन पेंट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली। वहीं एनटीपीसी और पावरग्रिड के शेयरों में हल्की बढ़त देखने को मिली।
बैंकिंग सेक्टर पर सबसे ज्यादा दबाव:-
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो सबसे ज्यादा दबाव बैंकिंग शेयरों पर देखने को मिला। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स करीब 2.79 फीसदी टूट गया। इसके अलावा, निफ्टी रियल्टी में 2.48 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.16 फीसदी, निफ्टी ऑटो में 2.30 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.45 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 1.51 फीसदी, निफ्टी आईटी में 1.68 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 0.78 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.44 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 1.29 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.83 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 2.48 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में 1.42 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.16 फीसदी और निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर में 1.67 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट:-
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि एशिया के अन्य बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। एमएससीआई एशिया पैसिफिक इंडेक्स करीब 1.7 फीसदी टूट गई। जापान का निक्की-225 2.58 फीसदी टूटा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 2.54 फीसदी गिर गया। इसके अलावा हांगकांग का हैंगसेंग भी करीब 1.62 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा।