IPL 2026 में SRH को मिलेगा नया कप्तान, चोटिल पैट कमिंस की जगह टी20 वर्ल्ड कप के इस स्टार खिलाड़ी को मिल सकती है कमान !

post 1105 (1)

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद को नया कप्तान मिल सकता है, क्योंकि पैट कमिंस चोटिल हैं और उनके खेलने पर संशय बना हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार टीम मैनेजमेंट ने विकल्पों पर चर्चा शुरू कर दी है। ऐसे में टीम इंडिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन कप्तानी की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। 27 वर्षीय ईशान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। संभावना है कि उन्हें कमिंस की जगह कप्तान बनाया जाए, जबकि अभिषेक शर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी मिल सकती है।

जुलाई 2025 से पीठ की चोट से जूझ रहे कमिंस:-

रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले अभिषेक शर्मा को कप्तानी का संभावित विकल्प माना जा रहा था, लेकिन कमिंस की फिटनेस को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज कमिंस जुलाई 2025 से पीठ की समस्या से परेशान हैं। वह आखिरी बार दिसंबर में एशेज सीरीज का एक मैच खेलते नजर आए थे, उसके बाद से मैदान से दूर हैं।

ईशान को माना जा रहा मजबूत विकल्प:-

चोट की वजह से कमिंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक उन्हें पूरी तरह से क्रिकेट खेलने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में रिपोर्ट के मुताबिक टीम प्रबंधन का मानना है कि कप्तानी संभालने के लिए ईशान किशन सबसे उपयुक्त विकल्प हैं।

झारखंड ने ईशान की कप्‍तानी में ही जीती पहली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी:-

ईशान ने अभी तक आईपीएल में कप्तानी नहीं की है, लेकिन नेतृत्व का अच्छा अनुभव रखते हैं। उन्होंने भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2016 के फाइनल तक पहुंचाया था। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में उन्होंने झारखंड के लिए 79 मैचों में कप्तानी की है। हाल ही में उनकी कप्तानी में झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब भी जीता।

टी20 कप्तानी में शानदार रिकॉर्ड:-

अभिषेक शर्मा के पास भी घरेलू क्रिकेट में कप्तानी का अनुभव है। उन्होंने पंजाब के लिए 31 मैचों में टीम की कमान संभाली है, लेकिन रिकॉर्ड के मामले में ईशान उनसे आगे नजर आते हैं। टी20 में ईशान की कप्तानी का जीत प्रतिशत लगभग 79.31 बताया जा रहा है।

अगर फैसला हुआ तो 11वें कप्तान बनेंगे ईशान:-

यदि यह फैसला अंतिम रूप लेता है, तो ईशान किशन 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल में बतौर कप्तान पहली बार उतर सकते हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद के 11वें कप्तान होंगे और भुवनेश्वर कुमार के बाद टीम की कमान संभालने वाले पहले भारतीय कप्तान बन सकते हैं।