Sadhvi Prem Baisa: ‘जहर’ की पुष्टि नहीं, फिर कैसे हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत? मेडिकल बोर्ड की फाइनल रिपोर्ट करेगी बड़ा खुलासा
Sadhvi Prem Baisa: ‘जहर’ की पुष्टि नहीं, फिर कैसे हुई साध्वी प्रेम बाईसा की मौत? मेडिकल बोर्ड की फाइनल रिपोर्ट करेगी बड़ा खुलासा
Sadhvi Prem Baisa Case: जोधपुर जिले के पाल गांव स्थित आरती नगर आश्रम में रहने वाली कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत का मामला अब नई दिशा में बढ़ रहा है। शुरुआती जांच में जहर देने की आशंका जताई गई थी, लेकिन राज्य की एफएसएल रिपोर्ट में किसी भी विषाक्त पदार्थ की पुष्टि नहीं हुई। अब जांच का फोकस अस्थमा अटैक, एलर्जिक रिएक्शन या लगाए गए इंजेक्शन के संभावित साइड इफेक्ट पर केंद्रित है। अंतिम निष्कर्ष मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
अचानक बिगड़ी थी तबियत:-
25 वर्षीय साध्वी की 28 जनवरी की शाम तबीयत अचानक खराब हुई। उन्हें गले में खराश और सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। आश्रम में कंपाउंडर देवी सिंह को बुलाया गया, जिसने शाम करीब 5:15 बजे इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ ही मिनटों बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें तुरंत पाल रोड स्थित प्रेक्षा अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही शाम 5:29 बजे उनका निधन हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अब तक 48 से पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। अब तक 48 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है और 500 से अधिक पेज के बयान दर्ज किए गए हैं। 40 से ज्यादा मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले गए। आश्रम और घटनास्थल से 35 से अधिक सैंपल जुटाकर डीएनए, फिंगरप्रिंट और अन्य फॉरेंसिक जांच कराई गई।
29 जनवरी को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम हुआ, लेकिन मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया। आंतों में लालिमा मिलने के कारण जहर की आशंका जताई गई थी और विसरा सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। एफएसएल की रिपोर्ट में जहर की पुष्टि नहीं होने के बाद जांच का रुख मेडिकल कारणों की ओर मुड़ गया है।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा संदेह:-
मौत के करीब चार घंटे बाद साध्वी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक कथित सुसाइड नोट पोस्ट किया गया, जिसमें भावनात्मक बातें और पुराने उत्पीड़न का जिक्र था। जांच में सामने आया कि यह पोस्ट उनके पिता वीरम नाथ के कहने पर सोशल मीडिया हैंडलर ने डाली थी। इस घटनाक्रम के बाद साजिश की आशंका भी जताई गई, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी षड्यंत्र की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि साध्वी प्रेम बाईसा पिछले वर्ष एक वायरल वीडियो प्रकरण के बाद मानसिक तनाव में बताई जा रही थीं, जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी भी हुई थी। फिलहाल मेडिकल बोर्ड की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर ही यह साफ हो सकेगा कि मौत अस्थमा अटैक, इंजेक्शन रिएक्शन या किसी अन्य चिकित्सीय कारण से हुई। जांच अभी जारी है।