साध्वी प्रेम बाईसा केस: मौत के बाद किसने की इंस्टाग्राम पोस्ट? युवक ने खोला राज, पढ़े पूरी खबर

post 505 (1)

साध्वी प्रेम बाईसा केस: मौत के बाद किसने की इंस्टाग्राम पोस्ट? युवक ने खोला राज, पढ़े पूरी खबर

Sadhvi Prem Baisa Death Case: जोधपुर जिले के बोरानाडा थाना क्षेत्र स्थित पाल गांव के आरती नगर आश्रम में दस दिन पूर्व हुई साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है। मामले में एक नया खुलासा सामने आया है। आश्रम से जुड़े एक व्यक्ति ने स्वीकार किया है कि साध्वी के निधन के कुछ घंटों बाद उनके पिता के कहने पर इंस्टाग्राम आईडी से एक पोस्ट अपलोड की गई थी।

पुलिस के अनुसार प्रकरण की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। आश्रम से जुड़े भोमाराम के बयान भी दर्ज किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक 28 जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे साध्वी की इंस्टाग्राम आईडी पर पोस्ट डाली गई थी।

भोमाराम ने बताया कि 28 जनवरी को वह दिल्ली जाने की तैयारी में था। शाम 6:52 बजे बिरमनाथ ने फोन कर साध्वी की तबीयत खराब होने की सूचना दी। इसके बाद वह 7:21 बजे पाल रोड स्थित प्रेक्षा अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने साध्वी को मृत घोषित कर दिया था। रात करीब साढ़े आठ बजे पिता बिरमनाथ शव को लेकर अस्पताल से निकले, उस दौरान भोमाराम भी उनके साथ था। रास्ते में उन्होंने कुछ परिचितों से फोन पर बातचीत कर घटना की जानकारी दी।

आरती नगर मोड़ पर रुकने के दौरान, रात करीब साढ़े नौ बजे पिता के कहने पर एक संदेश तैयार किया गया, जिसे साध्वी के मोबाइल से उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड किया गया।

क्या साध्वी झूठे आरोपों से परेशान थी?

भोमाराम के अनुसार पोस्ट पिता द्वारा बताए गए शब्दों में लिखी गई थी। इसमें साध्वी के 25 वर्षों तक ब्रह्मचर्य पालन करने, झूठे आरोपों से आहत होने और न्याय की अपेक्षा जताने की बात कही गई थी। साथ ही सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए जीवन समर्पित करने और संत समाज पर भरोसा व्यक्त करने का उल्लेख था।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए पोस्ट की टाइमिंग, परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में अभी अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है।

You may have missed