RPSC का बड़ा एक्शन: परीक्षा में गैरहाजिर रहे तो ब्लॉक हो जाएगा OTR, दोबारा एक्टिवेशन के लिए देनी होगी फीस
RPSC का बड़ा एक्शन: परीक्षा में गैरहाजिर रहे तो ब्लॉक हो जाएगा OTR, दोबारा एक्टिवेशन के लिए देनी होगी फीस
RPSC : राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने भर्ती परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों के लिए सख्त संदेश जारी किया है। अब सिर्फ ‘ट्रायल’ के तौर पर फॉर्म भरकर परीक्षा में गैरहाजिर रहने वालों पर आर्थिक कार्रवाई हो सकती है और उनका वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अस्थायी रूप से ब्लॉक किया जा सकता है।
दो बार अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई:-
कार्मिक विभाग के नए प्रावधानों के मुताबिक, यदि कोई अभ्यर्थी एक ही वित्तीय वर्ष में आयोजित दो परीक्षाओं में अनुपस्थित रहता है, तो उसकी OTR आईडी ब्लॉक कर दी जाएगी। इसे दोबारा सक्रिय कराने के लिए 750 रुपये शुल्क देना होगा। यदि उसी साल फिर दो और परीक्षाओं में गैरहाजिर रहते हैं, तो OTR बहाली के लिए 1500 रुपये का शुल्क जमा कराना पड़ेगा।
इन भर्तियों के संदर्भ में जारी सूचना:-
आयोग ने यह चेतावनी पशु चिकित्सा अधिकारी (1100 पद) और सहायक कृषि अभियंता भर्ती-2025 के तहत जारी की है। दोनों परीक्षाएं 19 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित हैं। आयोग का कहना है कि बिना इरादे के आवेदन करने से न केवल परीक्षा प्रणाली प्रभावित होती है, बल्कि वास्तविक अभ्यर्थियों को भी असुविधा होती है।
सुधार और आवेदन वापसी की सुविधा:-
यदि किसी अभ्यर्थी से आवेदन में त्रुटि हो गई है या वह परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता, तो 11 से 17 फरवरी 2026 तक सुधार का अवसर दिया गया है। इस दौरान नाम, फोटो, पिता का नाम और जेंडर के अलावा अन्य जानकारियों में संशोधन किया जा सकता है। अपात्र अभ्यर्थी या परीक्षा नहीं देने वाले उम्मीदवार आवेदन वापस ले सकते हैं। गलत जानकारी देने या आवेदन वापस न लेने की स्थिति में भविष्य की भर्तियों से डिबार किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।