Road Accident : खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 2 की मौके पर मौत, 8 लोग घायल

post 793 (1)

Road Accident : खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 2 की मौके पर मौत, 8 लोग घायल

सीकर: खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया। पलसाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर लढाणा पुलिया के पास यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब एक बजे हुई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

सूचना मिलते ही रानोली थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत पलसाना के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद छह गंभीर घायलों को सीकर स्थित श्री कल्याण राजकीय चिकित्सालय (एसके अस्पताल) रेफर किया गया। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

एक ही गांव के थे श्रद्धालु:-

पुलिस के अनुसार सभी श्रद्धालु झुंझुनूं जिले के गोढ़ा खेड़ा गांव के निवासी थे और ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे में राव भास्कर (25) और मनरूप (52) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दोनों के शव पलसाना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

ये हुए घायल:-

घायलों में दिव्या (20), मीनू (23), सुमेर सिंह (52), सुमन (35), मनीष (20), ईशान (18) और पूनम (35) सहित अन्य शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है।

लक्खी मेले के चलते बढ़ी भीड़:-

इन दिनों खाटूश्यामजी में प्रसिद्ध लक्खी मेला आयोजित हो रहा है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रॉली का संतुलन बिगड़ना या तेज रफ्तार हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।