Road Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो बाइकों को मारी टक्कर, ट्यूशन से लौट रहे छात्र की मौत, दंपति गंभीर घायल

post 801 (1)

Road Accident: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो बाइकों को मारी टक्कर, ट्यूशन से लौट रहे छात्र की मौत, दंपति गंभीर घायल

Road Accident: डूंगरपुर, आसपुर थाना क्षेत्र में बड़ौदा-गोठड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार गोठड़ा निवासी विनोद पुत्र प्रभुलाल चौबीसा अपनी पत्नी हेमलता के साथ बनकोड़ा से घर लौट रहे थे। वहीं पुष्पेंद्र सिंह पुत्र भवान सिंह अपने रिश्तेदार छत्तर सिंह की बाइक पर सवार होकर आगे चल रहा था। जैसे ही वे पंचोलिया हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज गति ट्रैक्टर ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।

पति-पत्नी घायल:-

घटना के बाद परिजन सभी घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने पुष्पेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल दंपति को प्राथमिक उपचार के बाद डूंगरपुर रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें आगे उदयपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

ट्यूशन से लौटते समय हुआ हादसा:-

मृतक पुष्पेंद्र सिंह अपने पिता की इकलौती संतान था और बारहवीं कक्षा का छात्र था। वह शाम को ट्यूशन पढ़कर रिश्तेदार के साथ घर लौट रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

वहीं घायल विनोद चौबीसा और उनकी पत्नी अपने बेटे की आगामी 11 मार्च को होने वाली शादी के लिए जेवर लेकर गांव लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।