सड़क पार कर रहे सूबेदार को ट्रेलर ने कुचला,100 मीटर तक घसीटता ले गया

सड़क पार कर रहे सूबेदार को ट्रेलर ने कुचला,100 मीटर तक घसीटता ले गया

सड़क पार कर रहे सेना के जवान को ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर जवान को 100 मीटर घसीटते हुए ले गया। जवान की मौके पर ही मौत हो गई। जवान का शव ट्रेलर के पहियों के बीच फंस गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ बमुश्किल शव को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। वे ड्यूटी से छुट्टियां लेकर अपने घर लौट रहे थे। हादसा गुरुवार सुबह 6:30 बजे जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मानपुर थाना इलाके का है। मानपुर थाने के एएसआई फतेह सिंह ने बताया- सुबह सड़क क्रॉस करते हुए सूबेदार अशोक कुमार (45) निवासी बुहाना जिला झुंझुनूं को ट्रेलर ने कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई, शव को सिकराय उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। फिलहाल परिजनों को जानकारी दे दी है। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। मानपुर थाने के एएसआई फतेह सिंह ने बताया- हादसे को लेकर जवान के भाई संजय जाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया- उनका बड़े भाई अशोक कुमार सेना में सूबेदार के पद पर झांसी के बबीना में पोस्टेड थे। जहां से गांव जाने के लिए छुट्टी लेकर 24 दिसंबर की रात को किराए की टैक्सी से रवाना हुए थे। गुरुवार सुबह मानपुर चौराहे से निकलने के बाद हाईवे पर सीकरी गांव के पास सीएनजी खत्म होने पर ड्राइवर ने टैक्सी को सड़क किनारे खड़ी कर दी। इस दौरान बड़े भाई हाईवे की दूसरी तरफ स्थित थड़ी पर चाय पीने चले गए थे। जहां से वापस लौटते वक्त ट्रेलर की टक्कर से उनकी मौत हो गई।

Scroll to Top