Road Accident: ट्रेलर और पिकअप की भीषण टक्कर, दो लोगों की मौत
Road Accident: अजमेर–नागौर हाईवे पर बाड़ी घाटी से पहले नियारा पेट्रोल पंप के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नागौर से बजरी लेकर जा रहे ट्रेलर और जयपुर से फ्रिज लादकर नागौर जा रही पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में आग लग गई और दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में पिकअप चालक दौसा निवासी जयसिंह और ट्रेलर चालक जोधपुर निवासी गणपत की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक जयसिंह के गांव के सरपंच पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि वह जयपुर से फ्रिज लेकर नागौर जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि ट्रेलर चालक शराब के नशे में था और रॉन्ग साइड से आकर पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुष्कर थाना पुलिस ने दोनों शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने बजरी परिवहन और नियमों की अनदेखी पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेलर में भरी बजरी के स्रोत और वैधता की जांच अब पुलिस के लिए अहम मानी जा रही है।


