Road Accident: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की दर्दनाक मौत, कार के उड़े परखच्चे
Road Accident: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल की दर्दनाक मौत, कार के उड़े परखच्चे
Road Accident: झालावाड़ शहर के पास झिरनिया घाटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल प्रेम दाधीच की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक प्रेम दाधीच खोखन्दा स्थित सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे।
मौके पर हुई मौत:-
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि प्रेम दाधीच के सिर में गंभीर चोट आई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह इलाका पहले से ही सड़क हादसों के लिए बदनाम है और इसे ‘ब्लैक स्पॉट’ माना जाता है।
पुलिस ने शुरू की जांच:-
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
हादसे के बाद प्रेम दाधीच को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई, माहौल गमगीन रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।