Road Accident: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को को तेज रफ्तार कंटेनर ने मारी टक्कर, चालक समेत दो की मौत, 13 अन्य घायल
Road Accident: चित्तौड़गढ़ जिले में निंबाहेड़ा–मंगलवाड़ स्टेट हाईवे पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निकुंभ थाना क्षेत्र के नपावली गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पूजा कर लौटते समय हुआ हादसा:-
निकुंभ थाने के एएसआई भागीरथ बिश्नोई के अनुसार पिकअप में सवार सभी लोग बंबोरी गांव के रहने वाले थे। श्रद्धालु मावली क्षेत्र में दशा माता की पूजा-अर्चना करने गए थे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद देर शाम सभी लोग पिकअप में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि वाहन में 25 से अधिक महिलाएं, पुरुष और बच्चे सवार थे। जैसे ही पिकअप नपावली गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी।
चालक और महिला की मौके पर मौत:-
हादसे में पिकअप चालक ओंकार सिंह और केबिन में बैठी जुम्मा कंवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 13 अन्य लोग घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग वाहन में फंस गए।
ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल:-
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए निंबाहेड़ा जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सूचना मिलने पर निकुंभ थानाधिकारी राम सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव फिलहाल निंबाहेड़ा जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।