राजस्थान में पेंशनधारकों को राहत, भजनलाल सरकार ने बढ़ाई पेंशन राशि; अब हर महीने म‍िलेंगे इतने रुपये

post 966 (1)

जयपुर। राजस्थान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मिलने वाली पेंशन राशि में बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले लाभार्थियों को 1300 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती थी, जिसे अब बढ़ाकर 1450 रुपये कर दिया गया है। जनवरी 2026 की पेंशन के बिल तैयार कर ईसीएस के माध्यम से भेज दिए गए हैं और जल्द ही यह राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। प्रदेश में वर्तमान में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 91 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इनमें वृद्धजन, विधवा और एकल नारी, दिव्यांगजन तथा लघु और सीमांत किसान शामिल हैं।

दो साल में 450 रुपये की बढ़ोतरी:-

राज्य सरकार ने वर्ष 2024 में 1000 रुपये प्रतिमाह मिलने वाली पेंशन राशि को बढ़ाकर 1150 रुपये किया था। इसके बाद वर्ष 2025 में इसे बढ़ाकर 1250 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया। जनवरी 2026 में पेंशन राशि को बढ़ाकर 1300 रुपये किया गया और अब इसे बढ़ाकर 1450 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है। इस तरह पिछले दो वर्षों में पेंशन राशि में कुल 450 रुपये की वृद्धि की गई है।

सीधे बैंक खाते में पहुंचती है राशि:-

पेंशन भुगतान व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने डीबीटी प्रणाली लागू की है। इसके तहत पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के जनाधार से जुड़े बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। साथ ही पूरी प्रक्रिया को तकनीक आधारित और पेपरलेस बनाया गया है, जिससे आवेदन, स्वीकृति और भुगतान की प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित हो रही है।

सत्यापन प्रक्रिया को बनाया गया आसान:-

लाभार्थियों के वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। इसके लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, मोबाइल ऐप और ओटीपी आधारित प्रणाली लागू की गई है। यदि किसी कारण से बायोमेट्रिक सत्यापन संभव नहीं हो पाता, तो संबंधित अधिकारी के समक्ष दस्तावेज सत्यापन के माध्यम से भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

IFSC कोड बदलने से आई थी समस्या:-

सरकार के अनुसार बैंकों के विलय के कारण कुछ मामलों में आईएफएससी कोड बदलने से पेंशन भुगतान अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ था। इस समस्या के समाधान के लिए बैंकिंग संस्थाओं के साथ समन्वय कर पेंशन पोर्टल पर डाटा अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सरकार का कहना है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मान और सामाजिक सुरक्षा देना भी है। पेंशन राशि में बढ़ोतरी को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।