राजस्थान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी सौगात, सरकार ने DBT से खाते में भेजे 1-1 हजार रुपये
राजस्थान की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार की ओर से करीब 1 लाख 22 हजार महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 1-1 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। बता दें कि यह राशि यूनिफॉर्म के लिए दी गई है। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना और कालीबाई भील योजना के लाभार्थियों को भी चेक वितरित किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों की देखभाल कर देश के भविष्य को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। अमृत आहार योजना के तहत 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को सप्ताह में पांच दिन गर्म दूध दिया जा रहा है। इसके अलावा केंद्रों के मरम्मत कार्य जारी हैं और कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन भी उपलब्ध कराए गए हैं। आने वाले समय में उनकी आंखों की निःशुल्क जांच और चश्मे की सुविधा भी देने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य में 19 मार्च से 15 मई तक “मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गांवों और शहरी वार्डों के समग्र विकास का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने लखपति दीदी, सोलर दीदी और बैंक सखी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन पहलों से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए वार्षिक गतिविधि कैलेंडर का विमोचन भी किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार, शासन सचिव पूनम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे, वहीं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।