पाकिस्तानी महिला हैंडलर के संपर्क में आया राजस्थान का युवक, देश के खिलाफ करने लगा बड़ा कांड

post 267

पाकिस्तानी महिला हैंडलर के संपर्क में आया राजस्थान का युवक, देश के खिलाफ करने लगा बड़ा कांड

Rajasthan: सरहदी जिले जैसलमेर में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित नेहड़ान गांव से एक संदिग्ध युवक को जासूसी के आरोप में हिरासत में लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ई-मित्र केंद्र की आड़ में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहा था और सामरिक महत्व की गोपनीय जानकारियां सीमा पार भेज रहा था।

हनीट्रैप और पैसों का लालच:-

गिरफ्तार आरोपी की पहचान झाबराराम मेघवाल के रूप में हुई है, जो पिछले चार वर्षों से अपने गांव में ई-मित्र केंद्र संचालित कर रहा था। सीआईडी-इंटेलिजेंस को पुख्ता इनपुट मिले थे कि झाबराराम सोशल मीडिया के जरिए एक पाकिस्तानी महिला हैंडलर के संपर्क में था। आशंका है कि वह हनीट्रैप का शिकार हुआ और पैसों के लालच में आकर भारतीय सेना व सीमा सुरक्षा बल (BSF) से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं साझा करता रहा।

जांच एजेंसियों ने आरोपी के कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल उसे कड़ी सुरक्षा में पूछताछ के लिए जयपुर ले जाया गया है।

ई-मित्र केंद्र बना सूचनाओं का जरिया:-

ई-मित्र संचालक होने के कारण झाबराराम की पहुंच कई सरकारी दस्तावेजों और योजनाओं से जुड़े रिकॉर्ड तक थी। एजेंसियों को संदेह है कि उसने इसी का फायदा उठाते हुए बॉर्डर एरिया की भौगोलिक स्थिति, नए निर्माण कार्यों और सुरक्षा इंतजामों से जुड़ी तस्वीरें पाकिस्तानी हैंडलर को भेजीं।

देर रात की कार्रवाई से मचा हड़कंप:-

ग्रामीणों के अनुसार, 25 जनवरी की देर रात एक विशेष टीम नेहड़ान गांव पहुंची और झाबराराम के घर पर दबिश दी। उसे साथ ले जाने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सुरक्षा एजेंसियां मामले में पूरी गोपनीयता बरत रही हैं, ताकि संभावित नेटवर्क और अन्य संदिग्ध कड़ियों तक पहुंच बनाई जा सके।

राजस्थान बॉर्डर पर हाई अलर्ट:-

राजस्थान की पाकिस्तान से सटी करीब 1000 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा बेहद संवेदनशील मानी जाती है। गणतंत्र दिवस को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां और BSF अलर्ट मोड पर हैं। ऐसे समय में एक स्थानीय युवक का ISI के संपर्क में होना सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय माना जा रहा है।