Rajasthan: “प्लास्टर के नाम पर मिट्टी डाल रहे हो…शर्म करो” निर्माण कार्य देखकर भड़के मंत्री किरोड़ीलाल मीणा

post 425 (1)

Rajasthan: “प्लास्टर के नाम पर मिट्टी डाल रहे हो…शर्म करो” निर्माण कार्य देखकर भड़के मंत्री किरोड़ीलाल मीणा

Rajasthan News: सवाईमाधोपुर के ठींगला क्षेत्र में निर्माणाधीन राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय का कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज भवन की दीवारों और प्लास्टर की गुणवत्ता देखकर मंत्री खासे नाराज नजर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि प्लास्टर के नाम पर मिट्टी लगाई जा रही है, जो गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार को दर्शाता है।

मंत्री ने इस दौरान एक्सईएन राकेश कुमार दीक्षित, एईएन सुमित मिश्रा और प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत को सख्त चेतावनी देते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद बढ़ा विवाद:-

निरीक्षण समाप्त होने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। एक्सईएन राकेश कुमार दीक्षित ने आरोप लगाया कि मंत्री के समर्थकों ने प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत और एईएन सुमित मिश्रा के साथ मारपीट की, साथ ही उनके साथ भी हाथापाई हुई। उन्होंने आशंका जताई कि सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ की जा सकती है और ऐसा होने पर वे कॉलेज प्रिंसिपल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे।

कॉलेज प्रिंसिपल बोले, आरोप निराधार:-

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बी.पी. मीना ने मारपीट के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान निर्माण में खामियां सामने आने पर कुछ लोगों में नाराजगी थी, जिसके चलते आपसी बहस हुई, लेकिन मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई।

मंत्री का सख्त रुख:-

इससे पहले किशनगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीना ने कहा था कि किसानों को नकली खाद, बीज और कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ केंद्र सरकार जल्द ही सख्त कानून लाने जा रही है। प्रस्तावित कानून के तहत दोषियों पर 20 लाख रुपये तक का जुर्माना और 10 साल तक की सजा का प्रावधान होगा, जिससे किसानों के शोषण पर प्रभावी रोक लग सकेगी।