Rajasthan Vidhan Sabha : मंत्री मदन दिलावर बोले ‘कांग्रेस ने भांग खाकर खोले स्कूल’, बयान पर जमकर हंगामा

post 968 (1)

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सोमवार को सदन का माहौल उस समय गरमा गया जब शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के बीच तीखी जुबानी बहस हो गई। सदन में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को लेकर चर्चा चल रही थी, इसी दौरान दिलावर की टिप्पणी के बाद विपक्ष ने विरोध जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।

शिक्षा मंत्री की टिप्पणी से बढ़ा विवाद:-

बहस के दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल उठाए। दिलावर ने कड़े शब्दों में कहा, ‘पिछले राज में बिना किसी तैयारी के, भांग खाकर अंग्रेजी स्कूल खोल दिए गए। डोटासरा जी ने उस समय भांग खाई हुई थी, तभी ऐसे फैसले लिए गए जिनसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पटरी से उतर गई।‘। उनकी इस टिप्पणी को लेकर विपक्ष ने कड़ा एतराज जताया और इसे व्यक्तिगत टिप्पणी बताते हुए विरोध किया।

डोटासरा और विपक्ष का पलटवार:-

मदन दिलावर के बयान के बाद गोविंद सिंह डोटासरा अपनी सीट से खड़े हो गए और इसे सदन की मर्यादा के खिलाफ बताया। वहीं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी डोटासरा के समर्थन समर्थन में उतरे और मंत्री दिलावर पर हमला बोलते हुए कहा, ‘मंत्री जी, आपके शब्द अमर्यादित हैं। लगता है आप खुद भांग खाकर सदन में जवाब दे रहे हैं। आप एक जिम्मेदार मंत्री हैं, कम से कम जवाब तो सही तरीके से दीजिए।

स्पीकर का हस्तक्षेप:-

सदन में बढ़ते हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने दोनों पक्षों से शांत रहने की अपील की और कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने अमर्यादित शब्दों को कार्यवाही से हटाने के संकेत भी दिए।

अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को लेकर सियासत:-

दरअसल भाजपा सरकार बनने के बाद से ही मदन दिलावर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कई फैसलों, खासकर महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। दिलावर का कहना है कि पर्याप्त शिक्षक और संसाधन उपलब्ध कराए बिना स्कूल खोलना सही नहीं था। वहीं कांग्रेस का दावा है कि इन स्कूलों के जरिए गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का अवसर मिला।

सोशल मीडिया पर चर्चा तेज:-

विधानसभा में हुई इस बहस के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। राजस्थान की राजनीति में मदन दिलावर अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं, जबकि डोटासरा भी आक्रामक राजनीतिक शैली के लिए चर्चित रहे हैं। इस घटना के बाद बजट सत्र के दौरान सियासी बयानबाजी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।