राजस्थान: चाइनीज मांझे की चपेट में आई छात्रा, रीट की परीक्षा देकर लौट रही थी घर; आंख और उंगलियों पर लगे कई कट

राजस्थान: चाइनीज मांझे की चपेट में आई छात्रा, रीट की परीक्षा देकर लौट रही थी घर; आंख और उंगलियों पर लगे कई कट
राजस्थान में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे से होने वाले हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। खुलेआम इस्तेमाल हो रहे इस खतरनाक मांझे की वजह से सड़क से गुजरने वाले लोग लगातार चोटिल हो रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला कोटा से सामने आया है, जहां रीट परीक्षा देने आई एक छात्रा चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज पर हुआ। सोमवार 19 जनवरी को शिक्षक भर्ती रीट परीक्षा का तीसरा दिन था। इसी परीक्षा में शामिल होने के लिए सवाई माधोपुर निवासी छात्रा जया चौधरी कोटा आई हुई थी और अपनी मौसी के यहां ठहरी थी। परीक्षा देने के बाद वह स्कूटी से वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
अचानक ओवरब्रिज पर आ गया मांझा:-
घायल छात्रा ने बताया कि वह अल्बर्ट आइंस्टीन स्कूल में परीक्षा देकर स्कूटी से लौट रही थी। उसके पीछे मौसेरी बहन बैठी थी। जैसे ही वे बोरखेड़ा ओवरब्रिज पर पहुंचे, अचानक कहीं से आया चाइनीज मांझा उसके गले में लिपट गया। मांझा हटाने के प्रयास में उसके हाथ की उंगलियां कट गईं और चेहरे पर भी गंभीर चोट आई।
छात्रा के अनुसार, मांझे से संतुलन बिगड़ने के कारण स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह ओवरब्रिज पर गिर पड़ी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी।
पुलिस कर रही है जांच:-
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत मदद की और घायल छात्रा को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उसका अस्पताल में उपचार जारी है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मांझा उड़ाने वालों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में मकर संक्रांति के दौरान भी राजस्थान में चाइनीज मांझे से कई हादसे सामने आए थे। जयपुर और कोटा में दो बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि 40 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बावजूद चाइनीज मांझे पर रोक प्रभावी रूप से लागू होती नजर नहीं आ रही है।