Rajasthan : सचिवालय में औचक निरीक्षण से हड़कंप, अब होगी सख्त कार्रवाई! पढ़े खबर

Rajasthan : सचिवालय में औचक निरीक्षण से हड़कंप, अब होगी सख्त कार्रवाई! पढ़े खबर
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित शासन सचिवालय में मंगलवार सुबह प्रशासनिक सुधार विभाग (ARD) की टीम के औचक निरीक्षण में अनुशासनहीनता की बड़ी तस्वीर सामने आई। लाइब्रेरी बिल्डिंग में किए गए इस निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) दिनेश कुमार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से सचिवालय में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर पहुंचते ही हाजिरी के पांच रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिए, ताकि कोई कर्मचारी बाद में हस्ताक्षर न कर सके।
59 फीसदी कर्मचारी ड्यूटी से गायब:-
निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी बिल्डिंग में तैनात 61 नॉन-गजेटेड कर्मचारियों में से 36 अपनी सीट पर मौजूद नहीं मिले। यानी करीब 59 फीसदी स्टाफ कार्यालय समय शुरू होने के बाद भी अनुपस्थित रहा। हालांकि, तैनात एकमात्र गजेटेड अधिकारी समय पर कार्यालय में उपस्थित पाया गया।
टीम ने अचानक दी दबिश:-
कार्रवाई का नेतृत्व सुनील शर्मा और रामस्वरूप बिश्नोई ने किया। टीम ने कार्यालय समय शुरू होते ही निरीक्षण किया, जिससे कर्मचारियों को संभलने का अवसर नहीं मिला। निरीक्षण में खासतौर पर सहायक स्टाफ और बाबू वर्ग की लापरवाही सामने आई।
अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई तय:-
ARD टीम ने अनुपस्थित पाए गए सभी 36 कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली है और विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी है। संबंधित विभागों को पत्र लिखकर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट जारी करने के साथ वेतन कटौती जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।
बायोमेट्रिक व्यवस्था पर उठे सवाल:-
सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक केंद्र में इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों का गैरहाजिर मिलना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इस कार्रवाई के बाद अन्य बिल्डिंग्स—मेन बिल्डिंग और एसएसओ बिल्डिंग—में भी कर्मचारियों के बीच हड़कंप है और उपस्थिति को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है।