Rajasthan Roadways: बीकानेर आगार को मिली 10 नई बसों की सौगात, 1 अप्रेल से इन रूटों पर होंगी संचालित, पढ़े पूरी खबर
बीकानेर। राजस्थान रोडवेज के बीकानेर आगार को 10 नई बसों की सौगात मिली है। इन बसों के जुड़ने से एक ओर जर्जर और कंडम बसों को हटाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर नए रूट शुरू होने से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी। इन सभी बसों का संचालन 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा।
मुख्य प्रबंधक इन्द्रा गोदारा के अनुसार, 10 में से 6 बसों को पहले से संचालित रूटों पर लगाया जाएगा। इन रूटों पर चल रही तकनीकी रूप से अनुपयुक्त बसों को हटाकर नई बसें चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुरक्षित सफर मिल सकेगा।
नए रूटों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी:-
शेष 4 बसों को नए रूटों पर संचालित किया जाएगा। इनमें एक बस श्रीगंगानगर, एक हनुमानगढ़ और दो बसें खाजूवाला के लिए चलाई जाएंगी। इन रूटों के शुरू होने से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा और यात्रा समय में भी कमी आएगी।
समय सारिणी:-
बीकानेर से खाजूवाला के लिए बस सुबह दस बजे जाएगी और दोपहर 13 बजकर 20 मिनट पर खाजूवाला से बीकानेर के लिए रवाना होगी। बीकानेर से खाजूवाला 10.50 और वापसी 13 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी। एक बस 17 बजकर 25 मिनट पर खाजूवाला जाएगी और सात बजकर 50 मिनट पर वापस रवाना होगी।
बीकानेर से हनुमानगढ़ के लिए बस सुबह 09:00 बजे जाएगी और दोपहर 15 बजे हनुमानगढ़ से वापस रवाना होगी। वहीं श्रीगंगानगर के लिए बस सुबह 07:30 बजे जाएगी और दोपहर 13:10 बजे वाया सूरतगढ़ लौटेगी।
सुविधा के साथ बढ़ेगी आय:-
रोडवेज प्रबंधन का मानना है कि नई बसों के संचालन से यात्रियों की सुविधा में सुधार होगा और आय में भी वृद्धि होगी। लंबे समय से बंद पड़े रूटों के दोबारा शुरू होने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रोडवेज को मिली थी 207 नई बसों की सौगात:-
बता दें कि राजस्थान दिवस के अवसर पर 19 मार्च को राज्य सरकार ने रोडवेज को 207 नई बसें उपलब्ध कराई थीं। इनमें 100 ब्लूलाइन एक्सप्रेस, 79 स्टार लाइन और 28 एसी बसें शामिल हैं।